बस्तर। रायपुर में आयोजित 8वीं इंटरनेशनल अबेकस एवं वैदिक मैथ्स प्रतियोगिता में बस्तर के होनहार छात्र के. प्रयांश ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रयांश ने अबेकस एवं मेंटल मैथ्स वर्ग में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’ एवं ‘चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया।
इस शानदार उपलब्धि के साथ ही प्रयांश ने पेरेंट्स अवार्ड भी अपने परिवार को समर्पित किया। उन्होंने यह सम्मान अपनी मां और नाना-नानी, विशेष रूप से अपने नाना बी. गड्डियां, जो कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ हैं, को समर्पित कर उनका गौरव बढ़ाया।
प्रयांश की इस सफलता के पीछे उनकी शिक्षिका खुशबू यादव मैडम का विशेष मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन में प्रयांश ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
प्रयांश की इस उपलब्धि से परिवारजनों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और दृढ़ संकल्प से कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।




